वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। रात में पति से विवाद के बाद मखदूमपुर निवासी महिला का शव रविवार सुबह संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज छानबीन में जुट गई है।
मखदूमपुर निवासी राकेश निषाद मजदूरी करता है। बताया जाता है कि वह शनिवार को शराब के नशे में घर पहुंचा। भोजन को लेकर पत्नी संगीता से नोकझोंक होने लगी। काफी देर तक विवाद चलता रहा। इसके बाद संगीता बच्चों के साथ सोने चली गई। उसकी पुत्री शीतल चार वर्ष, पुत्र अमृत तीन वर्ष व दूसरा पुत्र आदर्श डेढ़ वर्ष का है।
रविवार सुबह संगीता का शव छप्परनुमा घर में रस्सी के सहारे लटकता मिला। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर जहांगीरगंज पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। थाना क्षेत्र के रुकचनपुर निवासी संगीता के पिता सुरेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाया।
थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। छानबीन की जा रही है। मृतका के पिता की तरफ से तहरीर मिलते ही उसके अनुरूप केस दर्ज होगा।